बेगूसराय में आधी रात टूटा तटबंध, आधे दर्जन गांव के खेत और घरों में घुसा गंगा का पानी
- by Manjesh Kumar
- 24-Aug-2026
- Views
बेगूसराय: बिहार में इन दिनों विभिन्न नदियों का जलस्तर बढ़ने से विभिन्न जिलों और इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। कई इलाकों में आबादी वाले इलाके भी जलमग्न हो गए हैं। इसी कड़ी में बड़ी खबर है बेगूसराय से जहां बछवाड़ा थाना क्षेत्र में गंगा नदी पर बना एक बांध टूट गया जिसके बाद करीब आधा दर्जन गांव के खेत और लोगों के घर जलमग्न हो गया। लोगों ने बताया कि जमींदारी बांध करीब 30 मीटर लंबाई में टूट गया जिसके बाद काफी तेजी से पानी गांव में घुसने लगा। बांध टूटते ही तेज रफ्तार से बहता पानी रानी-1, रानी-2 और रानी-3 पंचायतों की ओर फैलने लगा है। रानी-1 और रानी-2 में सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो चुकी है, वहीं रानी-3 में पानी सीधे लोगों के घरों में घुस गया है।
ग्रामीण मवेशियों और जरूरी सामानों के साथ सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। सूचना मिलते ही बछवाड़ा सीओ प्रीतम कुमार गौतम, बीडीओ डॉ अमित कुमार और जल संसाधन विभाग के एसडीओ मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओ के मुताबिक, रात 1 बजे पेट्रोलिंग के बाद 3 बजे बांध कमजोर होने की खबर मिली थी। प्रशासन का दावा है कि मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही बहाव रोक लिया जाएगा। सुबह 3 बजे अचानक पानी गांव में घुसने लगा। फसलें डूब गई हैं, घरों में पानी भर रहा है। हम लोग किसी तरह जान बचाकर ऊंचे स्थानों पर जा रहे हैं।
प्रशासन भले ही जल्द मरम्मत का दावा कर रहा हो, लेकिन 30 मीटर चौड़ी दरार को इतनी जल्दी भरना बेहद चुनौतीपूर्ण है। अब देखना होगा कि पानी थमता है या तबाही और बढ़ेगी।


Post a comment