'नितिन' के 'नबीन' युग का हुआ अंत, बाकीपुर ने चुना 'किशोर' जनप्रतिनिधि, राजद की जमानत जब्त
- by Manjesh Kumar
- 03-Aug-2026
- Views
पटना: सोमवार को बिहार की राजनीति के लिए काफी उथल पुथल वाला दिन रहा। सोमवार को राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में करीब चार दशक से कब्जा वाली सीट को प्रशांत किशोर ने हथिया लिया। प्रशांत किशोर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की वह सीट छीन ली जिस पर करीब चार दशक से नितिन नबीन और उनके पिता का कब्जा रहा। विधानसभा उपचुनाव का परिणाम न सिर्फ भाजपा के लिए चौंकाने वाला रहा बल्कि तेजस्वी यादव की अगुवाई वाली लालू यादव की पार्टी राजद का और भी बुरा हाल रहा। एक तरफ प्रशांत किशोर ने भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार को 19324 वोटों से हरा दिया तो दूसरी तरफ राजद उम्मीदवार की जमानत तक जब्त हो गई।
बाकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज प्रत्याशी प्रशांत किशोर को 64151 वोट प्राप्त हुआ जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44827 और राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को मात्र 14273 वोट मिले। प्रशांत किशोर की यह जीत बाकीपुर के इतिहास में ऐतिहासिक रही वहीं लोगों ने कहा कि यह भाजपा के अहंकार की हार है। बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत के बाद जन सुराज के कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। सड़कों पर कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। प्रशांत किशोर ने काउंटिंग की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और यह आखिरी तक जारी रही। बता दें कि प्रशांत किशोर ने पहले राउंड की गिनती से ही बढ़त बनाए रखी और वह अपराजेय बढ़त के रूप में सामने आई।
गिनती के दौरान प्रशांत किशोर एएन कॉलेज पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इस दौरान अपनी जीत पर पीके ने कहा, यह बांकीपुर की जनता की जीत है। पीके ने आगे कहा कि जनता ने केंद्रीय नेतृत्व को यह संदेश दिया है कि बिहार का सीएम किसी अच्छे आदमी को बनाया जाए। उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने वोट दिया उन्हें धन्यवाद, जो वोट नहीं दिए उनका विश्वास जीतेंगे।
बता दें कि प्रशांत किशोर ने 2 अक्टूबर 2024 में उन्होंने खुद की पार्टी 'जन सुराज' बनाई। इसके बाद उन्होंने पदयात्रा के साथ-साथ कई अभियान किए और पूरे बिहार में वह घूमे और लोगों से मुलाकात की। अपने संगठन को मजबूत बनाने का हर प्रयास किया और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग सभी सीटों पर जन सुराज के कैंडिडेट उतारे। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तो जन सुराज नहीं जीत पाई, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज फिर उतरी। इस बार प्रशांत किशोर खुद ही कैंडिडेट बने और जीत हासिल की। नामांकन के बाद उन्होंने लोगों के बीच जमकर प्रचार-प्रसार किया था। इसके साथ ही आम लोगों के मुद्दों को उठाया था. ऐसे आज इसका परिणाम भी उन्हें मिल गया है।


Post a comment