अररिया पुलिस ने हासिल की बड़ी सफलता, लाखों के स्मैक के साथ मालदा के बड़े तस्कर को दबोचा

पूर्णिया: अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्र एक तरफ जहां तस्करों के लिए सॉफ्ट टारगेट होता है तो दूसरी तरफ पुलिस भी पूरी तरह चौकसी बरत रही है। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस अवैध मादक पदार्थ समेत विभिन्न तरह के सामानों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अररिया के एसपी ने जिले के पुलिस अधिकारियों को तस्करी और लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने को लेकर सख्त निर्देश जारी किया है। जिले की पुलिस भी इन मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और इसी कड़ी में एक बड़ी सफलता भी हासिल की है। अररिया पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार अररिया थाना की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के जीरोमाइल के समीप सड़क पर तस्कर स्मैक की डिलीवरी करने वाला है। पुलिस ने सूचना के आधार पर जाल बिछाया और बस से उतरते ही तस्कर को खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से करीब 604.2 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिला निवासी मो इफ्तार शेख के रूप में की गई। बताया जाता है कि वह मादक पदार्थ का एक बड़े स्तर का तस्कर है और उसका गिरोह भी बड़े स्तर पर काम करता है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हुई है।

  

Related Articles

Post a comment