कलभट के पास 43 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पत्नी ने तीन लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
- by Manjesh Kumar
- 01-Sep-2026
- Views
बरेटा लाइन पार गांव में दुर्गा मंदिर के समीप मिला शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य। पुलिस जांच में जुटी
कटिहार: कटिहार के बरारी थाना क्षेत्र के बरेटा पंचायत अंतर्गत लाइन पार बरेटा गांव में मंगलवार की सुबह दुर्गा मंदिर के समीप आरसीसी कलभट के पास 43 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी मज्जू मंसूरी के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस पदाधिकारी राजनेता कुमार, कौशल कुमार एवं आलोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर-2 एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने भी घटनास्थल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की गहन जांच कर रही है। इधर, मृतक की पत्नी हसबुन खातून ने गांव के तीन लोगों पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह अपने पति मज्जू मंसूरी के साथ गेराबाड़ी पैसा निकासी के लिए गई थीं। शाम करीब सात बजे घर लौटने के दौरान लाइन पार बरेटा चौक के पास उनके पति ने उन्हें घर जाने के लिए कहकर उतार दिया और खुद कुछ देर घूमने की बात कहकर वहां से चले गए। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटे।
परिजनों ने आसपास के इलाकों में उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि दुर्गा मंदिर के समीप आरसीसी कलभट के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान मज्जू मंसूरी के रूप में की। मृतक के भाई मो सगीर मंसूरी ने बताया कि उनके भाई का गांव के जैनुल और उसके बेटे के साथ बेटी की शादी को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विवाद को लेकर पहले भी तीन बार मारपीट हुई थी और उनके भाई को जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस संबंध में सदर-2 एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment