भागलपुर में हॉस्पिटल के पांचवीं मंजिल से पुलिस ने 5 युवकों को दबोचा, साइबर अपराध का है आरोप, पुलिस पर भी उठे सवाल

भागलपुर: भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र के आदमपुर स्थित तपस्वी हॉस्पिटल में साइबर अपराध से जुड़े मामले को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की विशेष टीम ने हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक कमरे में छापेमारी कर पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मौके से कई मोबाइल फोन और साइबर अपराध से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान कृष्णा कुमार सोनी, तेजस्वी कुमार, नरहरि प्रियदर्शी, सनत कुमार और प्रहलाद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने हॉस्पिटल में छापेमारी की और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पांचों को हिरासत में लिया।

वहीं, गिरफ्तार युवकों ने पुलिस की कार्रवाई पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका आरोप है कि साइबर अपराध के मामले का मुख्य आरोपी डीएसपी सुधांशु का भांजा है और पुलिस उसे बचाने की कोशिश कर रही है। युवकों का दावा है कि उन्हें पुलिस दबाव बनाकर इस मामले में फंसा रही है, जबकि वे खुद को निर्दोष बता रहे हैं। हालांकि, डीएसपी सुधांशु के भांजे को मुख्य आरोपी बताए जाने और पुलिस द्वारा उसे बचाने के इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तार युवकों के आरोपों के बीच अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और दस्तावेजों को जांच के लिए लिया है। तकनीकी जांच और पुलिस की आगे की तफ्तीश के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि साइबर अपराध से इस पूरे मामले का कनेक्शन क्या है और गिरफ्तार युवकों की भूमिका कितनी है। इस मामले में डीएसपी नगर हेमंत सिंह का बयान भी अहम माना जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment