अब पटना में छात्र 18 अगस्त से करेंगे आमरण अनशन, TRE 4 ka विज्ञापन और शिक्षा मंत्री का मांग रहे इस्तीफा
- by Manjesh Kumar
- 13-Aug-2026
- Views
पटना: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा BPSC TRE 4 परीक्षा की अभ्यर्थी लंबे समय से मांग कर रहे हैं और कई बार विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं। हालांकि हर बार शिक्षा मंत्री और आयोग ने जल्द ही विज्ञापन जारी करने का आश्वासन जरूर दिया लेकिन यह समय से हो नहीं सका। अब छात्रों ने आमरण अनशन की घोषणा की है। अभ्यर्थियों ने 18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगों में TRE-4 का विज्ञापन तत्काल जारी करना और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग शामिल है।
छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती के चौथे चरण TRE-4 के विज्ञापन में लगातार देरी हो रही है। लंबे समय से अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में देरी से हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। TRE-4 के विज्ञापन की मांग को लेकर मई में भी पटना में अभ्यर्थियों ने बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विवाद हुआ था। इसके बाद भी अभ्यर्थियों की ओर से भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग लगातार उठायी जाती रही है।
जुलाई में शिक्षा विभाग की ओर से TRE-4 की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात कही गयी थी। 7 जुलाई को हुई समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को 25 जुलाई तक बीपीएससी को अधियाचना भेजने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-4 का विज्ञापन अब तक जारी नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों ने अब अपनी मांगों को लेकर 18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक TRE-4 का विज्ञापन जारी करने समेत प्रमुख मांगों पर ठोस पहल नहीं होती है, तब तक आंदोलन जारी रखा जायेगा। अभ्यर्थियों की ओर से शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी उठायी जा रही है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।


Post a comment