गया में 15 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का समापन, 1500 तीर्थयात्रियों को मिली स्वास्थ्य सेवा
- by Manjesh Kumar
- 09-Oct-2026
- Views
गया: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले के दौरान गया शहर के ब्राह्मणी घाट पर तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य सेवा के लिए श्रीधर सेवा चैरिटी वर्ल्ड ट्रस्ट की ओर से संचालित 15 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी और जिला परिषद उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव शामिल हुए। इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ अखिलेश कुमार, सचिव शिवम कुमारी सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह में पहुंचने पर ट्रस्ट के सदस्यों ने जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी और उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव को अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने शिविर के माध्यम से तीर्थयात्रियों को उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
तीर्थयात्रियों की सेवा से बढ़ता है गया का मान-सम्मान: नैना कुमारी
जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी ने कहा कि पितृपक्ष मेले के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और तीर्थयात्री गया जी पहुंचते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य शिविर का संचालन उनके लिए काफी मददगार साबित होता है। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर इस तरह के शिविर से लोगों को तत्काल सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सेवा से गया जी का मान-सम्मान बढ़ता है। उन्होंने इस सामाजिक कार्य के लिए ट्रस्ट के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जरूरतमंदों की मदद के लिए हरसंभव सहयोग: शीतल प्रसाद यादव
जिला परिषद उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव ने कहा कि श्रीधर सेवा चैरिटी वर्ल्ड ट्रस्ट की ओर से पितृपक्ष मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर लगाकर तीर्थयात्रियों की सेवा करना सराहनीय पहल है। इस तरह के सेवा कार्यों से जरूरतमंद लोगों को मदद मिलती है और गया जी की प्रतिष्ठा बढ़ती है। उन्होंने ट्रस्ट के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर वे हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
15 दिनों में 1500 तक तीर्थयात्रियों को मिली स्वास्थ्य सेवा
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ अखिलेश कुमार ने कहा कि उनका ट्रस्ट स्वास्थ्य के क्षेत्र में गरीब और असहाय लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। वहीं, ट्रस्ट की सचिव शिवम कुमारी ने बताया कि 15 दिनों तक चले इस शिविर के माध्यम से लगभग 1,000 से 1,500 तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। स्वास्थ्य शिविर के समापन अवसर पर तीर्थयात्रियों की सेवा में जुटे ट्रस्ट के सदस्यों और पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की गई। इस पहल का उद्देश्य पितृपक्ष मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत के समय स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराना था।


Post a comment