कटिहार में महिलाओं ने धूमधाम से किया वट सावित्री पूजा, की पति की लंबी उम्र की कामना
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
कटिहार: पूरे देश में शनिवार को वट सावित्री धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर महिलाओं में काफी हर्षोल्लास देखने को मिला। वहीं जगह जगह पर दर्जनों की संख्या में महिलाएं एकसाथ मिल कर वट वृक्ष की पूजा अर्चना करती नजर आईं। इसी कड़ी में कटिहार के आजमनगर के विभिन्न पंचायतों में भी शनिवार को वट सावित्री पूजा को लेकर श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही वट वृक्षों के पास सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी महिलाओं ने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ व्रत रखकर विधि-विधान से वट सावित्री पूजा संपन्न की।
पूजा के दौरान महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की तथा कच्चे धागे से वृक्ष की परिक्रमा करते हुए धागा बांधा। मान्यता है कि वट वृक्ष की पूजा करने से पति की उम्र लंबी होती है और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। महिलाओं ने ईश्वर से परिवार की खुशहाली और पति के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वट सावित्री व्रत का संबंध माता सावित्री और सत्यवान की कथा से जुड़ा हुआ है कहा जाता है कि माता सावित्री ने अपने पति सत्यवान के निधन के बाद अपने तप, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर यमराज से उनके प्राण वापस लेकर उन्हें पुनर्जीवित किया था तभी से सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए यह व्रत रखती आ रही हैं।
पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान शिव ने माता पार्वती को भी वट सावित्री पूजा का महत्व बताया था। तभी से इस पूजा की परंपरा चली आ रही है सतयुग से चली आ रही यह धार्मिक परंपरा आज भी महिलाओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बनी हुई है। आजमनगर क्षेत्र के थाना मैदान, महानंदा बांध किनारे ब्लॉक प्रांगण स्थित बृहस्पति हटिया प्रांगण सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से वटवृक्ष के नीचे पूजा कर धार्मिक गीत भी गाए। पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।


Post a comment