चलती ट्रेन से उतरने के दौरान युवक गिरा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

कटिहार: कटिहार के बारसोई - कुमेदपुर रेलखंड पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में गिर कर एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना रेलखंड के खुड़ियाल रेलवे स्टेशन की है जहां एक चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक युवक गिर गया। जख्मी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिलांतर्गत इंग्लिश बाजार थाना क्षेत्र के नांबोई हथपरा निवासी टिंकू ऋषि के रूप में की गई।

घटना के संबंध में  घायल टिंकू ऋषि ने बताया कि वह पुरी से अपने घर भालूका लौट रहा था। जिस ट्रेन से वह यात्रा कर रहा था, वह भालूका स्टेशन पर नहीं रुकी। इसके बाद जब ट्रेन खुड़ियाल रेलवे स्टेशन के समीप धीमी हुई तो उसने उतरने का प्रयास किया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसके दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक डॉ चंद्रकांत मंडल ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक के दोनों पैर गंभीर रूप से कट चुके हैं। फिलहाल रक्तस्राव पर नियंत्रण कर लिया गया है, लेकिन पैरों की स्थिति अत्यंत गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, कटिहार रेफर किया गया है। चिकित्सक ने आशंका जताई कि घायल की जान बचाने के लिए दोनों पैर काटने पड़ सकते हैं।

  

Related Articles

Post a comment