शपथ ग्रहण को लेकर पटना के कई सड़कों पर आवागमन रहेगा बाधित, आपको भी निकलना है तो पढ़ लें यह खबर

पटना: बुधवार का दिन बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। बुधवार को पहली बार भाजपा के नेता राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। हालांकि नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण एक सादे समारोह में लोक भवन में आयोजित होगा लेकिन इस अवसर पर देश भर से कई दिग्गज गवाह बनने पटना पहुंच थे हैं। बुधवार की अहले सुबह से ही राजधानी पटना में हलचल का माहौल है। VIP मूवमेंट की वजह से प्रशासन ने लोक भवन के कई रास्तों पर आमलोगों के आवागमन पर रोक लगा दी है। यह पाबंदी सुबह 7 बजे से कार्यक्रम सम्पन्न होने तक लागू रहेगी। 

शपथ ग्रहण की वजह से टेलर रोड, देशरत्न मार्ग और सर्कुलर रोड पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी रोक रहेगी। इसके साथ ही चिड़ियाघर गेट नंबर 2 से राजेंद्र चौक की तरफ आने जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। IPS मेस मोड़ से दक्षिण और बीपी मंडल गोलंबर से पश्चिम दिशा में सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगा। इन मार्गों पर सिर्फ VIP, आमंत्रित अतिथि और मीडिया के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा के लिए 700 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

हर प्रमुख चौक चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है और बिना जांच के किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। 1 अणे मार्ग, सर्कुलर रोड और विधानसभा के आसपास भी सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था किया गया है। ट्रैफिक पुलिस ने साफ अपील की है कि आम लोग इन प्रतिबंधित रास्तों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है, ताकि जाम से बचा जा सके। दोपहर तक कई इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए पटनावासियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर राजधानी में हाई अलर्ट जारी है। पुलिस और ट्रैफिक टीम हर गतिविधि पर नजर रख रही है। भाजपा कार्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। यह पूरा इंतजाम यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो और किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।

  

Related Articles

Post a comment