तेजस्वी खो चुके हैं अपना नैतिक अधिकार, JDU विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने विधानसभा चुनाव को लेकर कहा...
- by Manjesh Kumar
- 23-Apr-2026
- Views
पटना: बिहार की नवगठित सम्राट सरकार शुक्रवार को विधानसभा में बहुमत साबित करने वाली है और इससे पहले राज्य में राजनीति चरम पर है। हालांकि विपक्षी दलों के नेता भी यह मान रहे हैं कि संख्याबल के आधार पर सम्राट सरकार विश्वासमत आसानी से पास कर लेगी लेकिन बावजूद इसके पश्चिम बंगाल चुनाव की चर्चा भी बिहार में शुरू हो गई है। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान हो गया लेकिन राजनीति अब चरम पर है। इन मुद्दों को लेकर जदयू विधायक दल के नेता एवं बिहार सरकार में पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया से बातचीत की।
मंत्री श्रवण कुमार ने इस दौरान पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि गैर भाजपा शासित राज्यों में सत्ता पक्ष हताश और निराश है। इस बार विधानसभा चुनाव में अधिकतम जगहों खास कर पश्चिम बंगाल में NDA की सरकार बनने जा रही है। इस दौरान श्रवण कुमार ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि हार की हताशा में अब इन लोगों की भाषा बिगड़ने लगी है। ये लोग हार सामने देख कर बदजुबानी का सहारा के रहे हैं। वहीं उन्होंने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा लॉ एंड ऑर्डर तथा अन्य सवालों को लेकर कहा कि बिहार की जनता ने तेजस्वी और उनकी पार्टी को नकार दिया है। बिहार ने उनके माता पिता के उस खौफनाक दौर को देखा है जिसकी कोई भविष्य में कल्पना भी नहीं कर सकता इसलिए उन्हें लॉ एंड ऑर्डर पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है।
जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने राज्य को विकास पथ पर लाया है और अब उनके मार्गदर्शन में बिहार लगातार आगे ही बढ़ता रहेगा, विपक्ष अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए उल्टे सीधे बयानों का सहारा लेता रहेगा। इस दौरान उन्होंने बिहार की सम्राट सरकार के बहुमत साबित किए जाने को लेकर कहा कि हमारी संख्या बल के आधार पर कहीं कोई चुनौती ही नहीं है। हमारी सरकार हंसते हंसते विश्वासमत हासिल कर लेगी।


Post a comment