श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बरारी में जिलास्तरीय सम्मेलन, केंद्र एवं राज्य की...

कटिहार: डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत बरारी स्थित श्रीराम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा छात्र-छात्रा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक रामनाथ पांडेय ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

सम्मेलन को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी प्रफुल्ल रंजन वर्मा, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री निखिल कुमार चौधरी, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी, पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह तथा जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं एवं छात्र-छात्राओं में राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करना तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी संगठन की मजबूती का परिचायक है।

कार्यक्रम के सहसंयोजक ई. विकास तिवारी ने सम्मेलन की सफलता का श्रेय सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग, अनुशासन और समर्पण को देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। सम्मेलन में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियंका सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह प्रिंस, जिला महामंत्री सौरव मालाकार, विधानसभा संयोजक राघवेंद्र प्रताप सिंह, विधानसभा प्रभारी शंभूनाथ चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शांति जायसवाल, मंडल अध्यक्ष विक्की साह, अजय भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष शोभा जायसवाल, आलोक कुमार मंडल, रंजना झा, प्रेम प्रकाश चौधरी, पूर्व जिला मंत्री राजीव भारती सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment