शेखपुरा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मकान में चल रहा था अवैध हथियार बनाने का कारोबार
- by Manjesh Kumar
- 14-Nov-2026
- Views
बुधौली बायपास स्थित विनायक हार्डवेयर में पुलिस की छापेमारी, अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने के उपकरण बरामद, एक गिरफ्तार
शेखपुरा: जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। बुधौली बायपास स्थित एक मकान में संचालित विनायक हार्डवेयर के पीछे बने कमरे में अवैध रूप से हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 13 नवंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में शेखपुरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, पुलिस पदाधिकारियों और तकनीकी शाखा की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बुधौली बायपास निवासी जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा अपने मकान में अवैध हथियारों का निर्माण कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने विनायक हार्डवेयर में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय जितेंद्र कुमार विश्वकर्मा, पिता स्वर्गीय कैलाश विश्वकर्मा, निवासी बुधौली बायपास के रूप में हुई है। दुकान के पिछले कमरे की तलाशी में देसी पिस्टल की एक अर्धनिर्मित बॉडी, एक स्लाइडर, एक बैरल, तीन अर्धनिर्मित मैगजीन, हैमर, ट्रिगर, छोटे-बड़े 13 सिंग, मैगजीन बनाने का एक डाई तथा विभिन्न प्रकार की 12 रेती बरामद की गई।इस संबंध में शेखपुरा थाना कांड संख्या 293/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में अवैध हथियार निर्माण के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।


Post a comment