काढ़ागोला गंगा घाट की बदहाली पर विधायक नाराज, सीओ को 24 घंटे का अल्टीमेटम
- by Manjesh Kumar
- 13-Nov-2026
- Views
घाट पर गंदगी और कीचड़ देख भड़के विजय सिंह निषाद, छठ से पहले सफाई और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शुक्रवार को बरारी विधायक विजय सिंह निषाद ने ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट पर जगह-जगह बिखरे कचरे और जमा कीचड़ को देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले घाट की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।
विधायक ने अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार को 24 घंटे के भीतर पूरे घाट की साफ-सफाई कराने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने नदी किनारे जमा कीचड़ को हटाकर व्रतियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक रास्ता तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की आवाजाही और घाट पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि काढ़ागोला गंगा घाट पर छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। घाट की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु कुमार शिवेश, सीओ मनीष कुमार, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती, घाट के लेसी संजय यादव, गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा, सह संयोजक मनोज साह एवं मो. आशिफ सहित अन्य लोग मौजूद थे।


Post a comment