छठ घाट के रास्ते को लेकर विवाद, मुख्य पार्षद से हुई तीखी नोकझोंक
- by Manjesh Kumar
- 13-Nov-2026
- Views
जेसीबी से रास्ता समतल कराने के दौरान दो भाइयों ने जताई आपत्ति, जमीन को बताया निजी संपत्ति
कटिहार: बरारी नगर पंचायत क्षेत्र के बरंडी नदी छठ घाट पर शुक्रवार को छठ महापर्व की तैयारियों के बीच रास्ते को लेकर विवाद हो गया। जिरापट्टी टोला में घाट तक पहुंचने वाले मार्ग को जेसीबी मशीन से समतल कराने के दौरान वार्ड संख्या-3 निवासी मो. जमाल और मो. तौफीक ने काम पर आपत्ति जताते हुए विरोध शुरू कर दिया। दोनों भाइयों ने संबंधित जमीन को अपनी निजी संपत्ति बताते हुए वहां किसी भी तरह का काम नहीं कराने की बात कही। इस दौरान उनकी मुख्य पार्षद बबिता कुमारी के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।
बताया जाता है कि घाट के समीप बने घरों और शौचालयों का गंदा पानी नालियों के माध्यम से सीधे नदी में जा रहा था। इस समस्या को रोकने और छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मुख्य पार्षद ने नगर पंचायत कर्मियों को रास्ते का समतलीकरण कराने का निर्देश दिया था। इसी दौरान दोनों भाइयों ने जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए काम रुकवा दिया।
मुख्य पार्षद बबिता कुमारी ने कहा कि छठ आस्था का महापर्व है। इसमें किसी तरह की बाधा उत्पन्न करना उचित नहीं है। बरारी में सभी समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी दोनों भाइयों ने पर्व के दौरान व्यवधान उत्पन्न किया था। मामले को शांत कराने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि हिटलर यादव और राजू अंसारी ने भी दोनों भाइयों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी जमीन पर काम नहीं कराने की बात पर अड़े रहे।


Post a comment