शेखपुरा में रेलवे लाइन किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, आधार कार्ड में लिखा है जम्मू कश्मीर का पता, पुलिस जुटी जांच में...

शेखपुरा: शेखपुरा-गया-किऊल रेलखंड पर कोसुम्भा रेलवे क्रॉसिंग के समीप एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे क्रॉसिंग से महज दो मीटर की दूरी पर शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में एक अहम सुराग भी सामने आया है। घटनास्थल पर मृतक के पास से एक आधार कार्ड बरामद किया गया है।

आधार कार्ड पर नाम सरवन कुमार और पता जम्मू-कश्मीर का दर्ज बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस के सामने मृतक की वास्तविक पहचान और उसके शेखपुरा पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाना बड़ी चुनौती है। घटना की जानकारी मिलते ही अरियरी थानाध्यक्ष राजकुमार दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि मृतक कहां से आ रहा था, किस उद्देश्य से शेखपुरा पहुंचा था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। रेलवे क्रॉसिंग के समीप मिले इस शव ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब पुलिस की जांच पर टिके हैं।

  

Related Articles

Post a comment