छठ को लेकर काढ़ागोला गंगा घाट पर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने किया औचक निरीक्षण
- by Manjesh Kumar
- 09-Nov-2026
- Views
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, घाटों की सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग कराने का निर्देश। भीड़ नियंत्रण के लिए बनेगा रूट चार्ट
कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर काढ़ागोला गंगा घाट पर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में डीएसपी सुनील कुमार शर्मा, बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार एवं थानाध्यक्ष सुमेश कुमार शामिल थे। अधिकारियों ने घाट की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए संबंधित लोगों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने नदी किनारे घाट का समतलीकरण कराने, जगह-जगह फैले कचरे की सफाई कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां लाल झंडा लगाने को कहा, ताकि श्रद्धालु जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बच सकें। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने के लिए रूट चार्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाने की व्यवस्था करने को कहा गया, जिससे छठ पर्व के दौरान जाम की समस्या उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस दौरान घाट के लेशी संजय यादव, गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी 'बाबा', जिला सहसंयोजक मनोज साह, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती, धनंजय यादव एवं अखिलेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


Post a comment