बंगला सावन के अवसर पर कांवरिया सेवा शिविर का मेयर ने किया उद्घाटन, कहा 'शिव के जाप से मिलती है शांति'
- by Manjesh Kumar
- 20-Jul-2026
- Views
भागलपुर: बंगला सावन की प्रथम सोमवारी के पावन अवसर पर मरंगा गुड मिल्की स्थित बाबा सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में डेढ़ माह तक चलने वाले निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर का नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर काफी संख्या में उपस्थित शिवभक्तों एवं स्थानीय लोगों ने बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ महापौर का स्वागत एवं अभिनंदन किया। महापौर विभा कुमारी ने सभी शिवभक्तों को बंगला सावन की पहली सोमवारी पर शुभकामना देते हुए कहा कि देवों के देव महादेव सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि बंगला पंचांग के अनुसार सावन मास का शुभारंभ हो चुका है और इस पवित्र माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। भगवान शिव केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि त्याग, करुणा और लोककल्याण के सर्वोच्च आदर्श हैं। समुद्र मंथन के समय उन्होंने समस्त सृष्टि की रक्षा के लिए विषपान कर यह संदेश दिया कि सच्चा जीवन वही है जो केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित हो। महापौर ने कहा कि भगवान शिव पशुपतिनाथ हैं, अर्थात समस्त जीवों के रक्षक। उनके लिए कोई छोटा-बड़ा नहीं है। उनके जीवन से हमें समभाव, सेवा, करुणा और मानवता का संदेश मिलता है।
ॐ नमः शिवाय मंत्र के जाप से मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक बल प्राप्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सावन माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति के साथ-साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और सेवा की भावना को भी आगे बढ़ाने का आह्वान किया तथा कामना की कि यह पावन माह सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लेकर आए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर वार्ड पार्षद स्वपन घोष, पार्षद प्रतिनिधि मनोज साह, ललनेश सिंह, मुरारी झा, शिविर आयोजन समिति के राजा दास, गोपाल दास, मदन दास, भोला मेहता, कैलाश दास, तपेश कुमार दास, सुमन कुमार दास सहित कई समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित थे।


Post a comment