शिक्षा मंत्री की इस्तीफा की मांग को लेकर बिहार बंद, पटना में लाठीचार्ज, छपरा में पुलिस की गाड़ी में लगाई आग, सीवान एसपी जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 25-Jul-2026
- Views
पटना: नीट पेपर लीक और दिल्ली में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज के विरोध में AISA ने बिहार बंद बुलाया जिसका असर शनिवार को विभिन्न जिलों में देखने को मिल रहा है। एक तरफ राजधानी पटना में छात्रों का पुलिस के साथ झड़प हुआ जिसके बाद लाठचार्ज करते हुए कई प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने एक तरफ समस्तीपुर में सड़क पर आगजनी की तो सीवान में पत्थरबाजी में एसपी समेत कई जख्मी हो गए वहीं सारण में प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी में आग लगा दी।
सीवान के गांधी मैदान में प्रदर्शन के बाद उग्र हुए छात्रों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए। मौके पर पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद छात्र और उग्र हो गए। गांधी मैदान से निकलकर जेपी चौक तक पहुंच गए और वहां भी जमकर पत्थरबाजी की। इस दौरान कई छात्र और एसपी पूरन कुमार झा भी घायल हो गए। छपरा में प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका चौक पर हिंसक प्रदर्शन किया। हंगामा कर रहे छात्रों ने पुलिस की गाड़ी में आग लगी दी है। पुलिस की वैन पूरी तरह जल कर खाक हो गई है।
पूर्णिया में आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी और विभिन्न छात्र संगठनों के आह्वान पर पैदल मार्च का आयोजन किया गया। मार्च को इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास प्रशासन ने डिटेन किया है।डीएम-एसएसपी भी पहुंच गए हैं, हंगामा जारी है। बिहार बंद के आह्वान के दौरान शनिवार को मधेपुरा में विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र टीपी कॉलेज के समीप एकत्र हुए। जुलूस की शक्ल में ज्ञापन देने के लिए समाहरणालय की ओर बढ़े लेकिन कॉलेज चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया। करीब डेढ़ दर्जन छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर सदर थाना ले गई। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


Post a comment