शनिवार के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने पालीगंज विधायक को लिया हिरासत में, वीडियो संदेश जारी कर कहा...
- by Manjesh Kumar
- 24-Jul-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में 25 जुलाई यानि शनिवार को छात्रों ने एक बार फिर प्रदर्शन का ऐलान किया है। छात्रों के प्रदर्शन को विपक्षी दलों ने भी समर्थन देने की घोषणा की है। इधर पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। पुलिस ने पालीगंज से भाकपा माले (CPI-ML) के विधायक संदीप सौरभ को उनके आवास से हिरासत में ले लिया है। पुलिस कस्टडी में लिए जाने से ठीक पहले विधायक संदीप सौरभ ने एक वीडियो मैसेज जारी किया। उन्होंने बताया कि पुलिस उनके कमरे पर पहुंची और वहां मौजूद सभी लोगों को हिरासत में ले लिया, जो लोग उनसे सिर्फ मिलने आए थे, उन्हें भी पकड़कर थाने भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि वे कुछ जरूरी सामान लेने के बहाने अपने कमरे में आए और यह वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया।
वीडियो में संदीप सौरभ ने पुलिसिया कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि पटना में पुलिस एक तरह का दबाव और आतंक बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसी की भी आवाज या मांग सुनने के लिए तैयार नहीं है, जबकि छात्रों की मांगें बेहद सीधी, स्पष्ट और जायज थीं। संदीप सौरभ ने जानकारी दी कि उनके साथ-साथ आइसा (AISA) बिहार के अध्यक्ष धनंजय को भी पुलिस ने पकड़ लिया है और उन्हें गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया है। पुलिस टीम उन्हें और उनके साथियों को पटना के कोतवाली थाने ले जा रही है। अपने संदेश के अंत में पालीगंज विधायक ने बिहार के युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को होने वाले बिहार बंद को एकजुट होकर हर हाल में सफल बनाएं।


Post a comment