मुजफ्फरपुर में पीएम सूर्य घर योजना के तहत 7968 घर चयनित, अब तक इतने हो गए इंस्टॉल

मुजफ्फरपुर:सरकार के सतत एवं प्रभावी प्रयास से आज गांव-गांव और घर-घर तक निर्वाध बिजली पहुंच चुकी है तथा 125 यूनिट फ्री बिजली की सुविधा मिल रही है। विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ अब सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार को सौर ऊर्जा से जोड़ना है ताकि लोगों को स्वच्छ ऊर्जा के साथ आर्थिक लाभ भी मिल सके। इस क्रम में मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी के कर कमलों द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले के 16 प्रखंडों की 80 चयनित पंचायतों के कुल 42,776 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं मे से फर्स्ट फेज मे 7968 घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र के अधिष्ठापन द्वारा आजीवन मुफ्त, स्वच्छ और हरित बिजली उपलब्ध कराने की योजना का ऑनलाइन कार्यारंभ विद्युत भवन पटना मे आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम मे किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुजफ्फरपुर की कुटीर ज्योति उपभोक्ता, मुसहरी के राजेपुनास गाँव निवासी नीलम देवी ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए अपनी अनुभव साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल के कारण उन्हें 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है, जिससे उनके परिवार का मासिक खर्च काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले बिजली बिल की चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब बची हुई राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य एवं अन्य घरेलू आवश्यकताओं पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब सोलर सिस्टम के माध्यम से आजीवन मुफ्त बिजली मिलने से परिवार को और अधिक आर्थिक राहत मिलेगी। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त की।

योजना के प्रथम चरण में जिले के 7,968 पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटाप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रत्येक लाभार्थी के घर पर 1.1 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा, जिसमें 550 वॉट क्षमता के दो सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी तथा उपभोक्ताओं का बिजली व्यय लगभग समाप्त हो जाएगा। >योजना के प्रथम चरण में जिले के सभी 16 प्रखंडों से पांच-पांच पंचायतों का चयन किया गया है। कुल 80 पंचायतों में 42,776 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की पहचान की गई है जिसमे से प्रथम चरण मे 7968 उपभोक्ताओं के घरो मे रूफटाप सोलर पैनल लगाये जाएंगे।परियोजना के माध्यम से जिले में 87.65 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिले के सभी 16 प्रखंडों में एक साथ कार्य प्रारंभ किया जाएगा। प्रारंभ में प्रत्येक प्रखंड की एक पंचायत को प्राथमिकता देते हुए वहां के सभी इच्छुक एवं पात्र कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। इसके बाद अन्य पंचायतों में क्रमवार विस्तार किया जाएगा। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों में व्यापक उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले में अब तक कुल 4,521 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,319 घरों में सोलर पैनल का अधिष्ठापन पहले ही किया जा चुका है। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को शीघ्र योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

  

Related Articles

Post a comment