पटना में पार्षद के घर पुलिस ने की छापेमारी, दो पार्षद समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया
- by Manjesh Kumar
- 11-Sep-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में पुलिस विभिन्न गैरकानूनी गतिविधियों पर न सिर्फ नजर रख रही है बल्कि लगातार कार्रवाई भी कर रही है। इसी कड़ी में पटना पुलिस ने एक पार्षद के घर छापेमारी कर 11 लोगों को एक साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पटना के खगौल इलाके में पार्षद के घर में छापेमारी कर दो पार्षद समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के निम्मतल्ला रोड फाटक के समीप एक पार्षद के मकान में जुआ का अड्डा चलने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद गुरुवार देर रात पुलिस ने मकान में छापेमारी की।
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने पार्षद के मकान में चल रहे जुआ के अड्डे पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पार्षद अनिल कुमार समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 2,26,810 रुपये नकद, ताश की गड्डी और 11 मोबाइल बरामद किये। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मकान के नीचे वाले कमरे से पांच लीटर अंग्रेजी शराब भी बरामद की गयी। मकान के मालिक पार्षद महेंद्र सिंह से पूछताछ की गयी। पुलिस ने जब पूछा कि उनके मकान में जुआ का अड्डा चल रहा है और नीचे वाले कमरे से शराब बरामद हुई है, तो उन्होंने मकान किराये पर देने की बात कही।
हालांकि, पुलिस को किराये से संबंधित कोई पेपर या एग्रीमेंट उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद महेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों में अनिल कुमार, मनीष कुमार, सन्नी कुमार, मोहन प्रसाद, सुमीत कुमार, मो सरफुदीन, संतोष कुमार, शमीम कुरैशी, मिथिलेश कुमार, विक्की कुमार, निखिल कुमार, मुन्ना कुमार, और महेंद्र सिंह शामिल हैं।


Post a comment