Digital Protest: बिहार के दारोगा के वेतनमान में वृद्धि की मांग, सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए रख रहे हैं अपनी मांग

पटना: बिहार में इन दिनों विभिन्न मांगों को लेकर छात्र समेत विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मी भी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार पुलिस के दारोगा के संगठन ने अपनी मांग रखने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है। समस्त पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) संघ ने अपनी मांग को लेकर सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया है और सभी सदस्य सोशल मीडिया X पर बिहार पुलिस के हैंडल को टैग करते हुए #BiharDarogaPayLevel7 पोस्ट कर रहे हैं। संघ की मांग है कि बिहार के दारोगा स्तर के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी बड़ी है साथ ही 24 घंटे ड्यूटी की अपेक्षा की जाती है ऐसे में उनकी आर्थिक सुधार की दिशा में सरकार को पहल करते हुए पे लेवल 7 लागू करना चाहिए।

संघ के सोशल मीडिया कैंपेन को लेकर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया के माध्यम से सभी दारोगा से अपील की जा रही है कि वे लोग भी अपने X हैंडल से बिहार पुलिस के आधिकारिक एकाउंट तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टैग कर अपना हैश टैग डालें और अपनी मांग को रखें। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि बिहार दारोगा की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण है। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, FIR दर्ज करने से लेकर गंभीर मामलों की जांच तक दारोगा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी, जोखिम और कार्य की प्रकृति को देखते हुए वेतनमान में सुधार की मांग की जा रही है। अभियान के दौरान साझा किए जा रहे संदेशों में कहा जा रहा है कि बड़ी जिम्मेदारी, बड़ा जोखिम और कठिन ड्यूटी—बिहार दारोगा के लिए Level-7 जरूरी है। वहीं, एक अन्य संदेश में दारोगा के कार्य और जिम्मेदारी के अनुरूप सम्मानजनक वेतनमान देने की मांग की गई है। 

अभियान समर्थकों का कहना है कि यह मांग सिर्फ वेतन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और सेवा के सम्मान से भी जुड़ी है। सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट के माध्यम से इस मांग को सरकार और संबंधित विभाग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment