नहर के पानी पर संग्राम! शेखपुरा के हजारों किसानों की सिंचाई अटकी, आमने-सामने आए दो जिलों के ग्रामीण

शेखपुरा: कुल्हाड़ी नहर के पानी को लेकर शेखपुरा और नवादा जिले के ग्रामीणों के बीच विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। शेखपुरा के कई गांवों में नहर का पानी नहीं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने नवादा डीएम रवि प्रकाश को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया। डीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीण पकरीबरावां प्रखंड के जीलवरिया गांव के समीप नहर के पैन तक पहुंचे। मौके पर पकरीबरावां के सीओ और थाना पुलिस के साथ बरसा, घूसकुरी, ससबहना, जंगलीबीघा सहित कई गांवों के ग्रामीण मौजूद थे। सूचना मिलते ही नवादा के तनपुरा गांव के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

शेखपुरा के ग्रामीणों ने नहर से पैन निकासी से संबंधित दस्तावेज प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। कागजात देखने के बाद पानी छोड़ने की बात कही गई, लेकिन तनपुरा के ग्रामीणों ने पुराने दस्तावेज पेश कर आपत्ति जताई। इसके बाद पानी के प्रवाह पर रोक लगा दी गई। मामले को लेकर पकरीबरावां थाना में दोनों पक्षों की बैठक भी हुई, लेकिन समझौता नहीं हो सका। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच के बाद शेखपुरा और नवादा डीएम के स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। इधर, धान की फसल में पानी की कमी से शेखपुरा के हजारों किसान परेशान हैं। बरबीघा विधायक डॉ कुमार पुष्पनंजय ने कहा कि किसानों के हक का पानी दिलाने के लिए वे मुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री तक मामला पहुंचाएंगे।

  

Related Articles

Post a comment