ड्यूटी करते हुए इंजीनियर ने अर्जित किए करोड़ों की संपत्ति, विशेष निगरानी इकाई ने शुरू की छानबीन
- by Manjesh Kumar
- 11-Sep-2026
- Views
सारण: बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एक बार फिर विशेष निगरानी इकाई ने करोड़पति सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पर शिकंजा कसा है। शुरुआती जांच में इंजीनियर के पास करोड़ों की संपत्ति और निवेश के साक्ष्य मिले हैं जिसके बाद छानबीन जारी है। जानकारी के अनुसार विशेष निगरानी इकाई ने छपरा के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया और शुरुआती जांच में 3 करोड़ एक लाख से अधिक की ग़ैरकानूनी संपत्ति की पुष्टि हुई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने 2008 में सरकारी सेवा में आने के बाद अवैध तरीके से संपत्ति जुटाई।
अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने राजेंद्र कुमार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। पटना, छपरा और गोपालगंज में उनके ठिकानों पर कार्रवाई हुई. इसके अलावा मुंबई के गोरेगांव में उनकी बहन के फ्लैट की भी तलाशी ली गई। जांच में SVU को पता चला है कि अधिकारी ने कथित तौर पर अपनी संपत्ति और काले धन को छिपाने के लिए मां, बहन और बहनोई के बैंक खातों का इस्तेमाल किया। जांच एजेंसी के अनुसार, इसी पैसे से पटना, बिक्रम, नवादा और मुंबई में कई अचल संपत्तियां खरीदी गईं। तलाशी के दौरान राजेंद्र कुमार, उनकी पत्नी कंचन कुमारी और मां सुनैना देवी के नाम दर्ज कई प्लॉट और फ्लैट से जुड़े कागजात मिले हैं। इनमें मुंबई के पनवेल में करीब 75 डिस्मिल जमीन भी शामिल है, जिसे करीब 1 करोड़ 61 लाख रुपये में खरीदा गया था।
इसके अलावा मुंबई के नेरूल में करीब 38 लाख रुपये के फ्लैट और नवादा में करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। पटना के बेउर में दो मंजिला मकान और सोनपुर में करीब 18 लाख रुपये के प्लॉट के कागजात भी जांच के दौरान सामने आए हैं। SVU की कार्रवाई के दौरान अधिकारी के ठिकानों से 1 लाख 96 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही करीब 76 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं। महंगी गाड़ियों और दूसरे कीमती सामानों की खरीद से जुड़े कई वाउचर भी टीम को मिले हैं। जांच टीम को भारतीय स्टेट बैंक समेत अलग-अलग बैंकों में अधिकारी और उनके परिवार के नाम से आधा दर्जन से ज्यादा बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन खातों और उनसे जुड़े लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
पटना के बेउर स्थित महावीर कॉलोनी वाले आवास पर खबर लिखे जाने तक SVU की तलाशी जारी थी। जांच एजेंसी अधिकारी की संपत्ति, बैंक खातों और मिले दस्तावेजों को आपस में जोड़कर मामले की आगे जांच कर रही है।


Post a comment