TRE - 4 परीक्षा की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री से मिले छात्र नेता दिलीप, कहा 'सकारात्मक रही बैठक'
- by Manjesh Kumar
- 28-May-2026
- Views
पटना: बिहार में सरकार और शिक्षा विभाग के बार बार दावे और वादों के बावजूद बीपीएससी TRE 4 परीक्षा को लेकर अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। इधर विज्ञापन जारी करने की अभ्यर्थी भी लंबे समय से मांग कर रहे हैं और कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। अभ्यर्थी और छात्र संगठनों ने कई बार अधिकारियों और नेताओं से मुलाकात भी की। अब इसे लेकर छात्र नेता दिलीप कुमार ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने राज्य में शिक्षकों के खाली पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जल्द जारी करने का मांग की।
छात्र नेताओं ने यह भी मांग की कि भर्ती प्रक्रिया को एक ही परीक्षा के माध्यम से पूरा किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को बार-बार परीक्षा देने और लंबी चयन प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी न झेलनी पड़े। बता दें कि अभी हाल ही में छात्र संगठनों ने राजधानी पटना में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया था जिसके बाद राज्य में काफी राजनीति हुई थी। मुलाकात के दौरान छात्र प्रतिनिधिमंडल ने नीतीश कुमार को बिहार में शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लिए धन्यवाद भी दिया। छात्रों ने कहा कि जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, तब शिक्षक भर्ती और रोजगार को लेकर लगातार पहल की जाती थी।
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बैठक सकारात्मक रही। पूर्व मुख्यमंत्री ने TRE-4 और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई बड़ा और ठोस फैसला ले सकती है।


Post a comment