Telegram के माध्यम से नीट अभ्यर्थियों से करते थे ठगी, मुजफ्फरपुर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर: बीते दिनों नीट परीक्षा में गड़बड़ी मामले में बिहार में लगातार छानबीन जारी है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने टेलीग्राम एप पर ग्रुप के माध्यम से नीट परीक्षा का प्रश्न पत्र देने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का उद्भेदन किया है। मामले को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि मामले में छानबीन करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है। गिरफ्तार शातिरों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है जिसकी जांच की जा रही है। मोबाइल से ठगी के कई महत्वपूर्ण सबूत भी मिले हैं।

एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोग नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को अपना निशाना बनाते थे। ये लोग टेलीग्राम एप में चैनल के माध्यम से छात्रों को झांसा देते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने कई लोगों के खातों में रुपये मंगवाए थे, जिससे उनके नेटवर्क की जटिलता का पता चलता है। गिरफ्तारी मुजफ्फरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से की गई है, जिनमें सिंकदरपुर थाना और नगर थाना शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तेजी से जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि अब तक जो सबूत मिले हैं, उनसे साफ है कि यह एक संगठित अपराध था, जिसमें कई लोग शामिल थे।

  

Related Articles

Post a comment