महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम पर ग्राम सभा आयोजित, महिलाओं के सशक्तिकरण व विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
- by Manjesh Kumar
- 28-Jun-2026
- Views
कटिहार: पंचायत विकास दिवस के अवसर पर बरारी प्रखंड की पश्चिमी बारीनगर पंचायत में रविवार को मुखिया आइयदा महापारा खानम की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन हर माह के अंतिम रविवार को होना तय हुआ है, इस माह की ग्राम सभा की निर्धारित थीम "महिला हितैषी ग्राम पंचायत" रही। बैठक में महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण तथा पंचायत की निर्णय प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभा में बताया गया कि महिला हितैषी ग्राम पंचायत का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां महिलाएं बिना किसी भेदभाव के विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। इसके तहत बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, पोषण स्तर में सुधार, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए लाभुकों तक योजनाओं का पारदर्शी तरीके से लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया। साथ ही ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव एवं प्रस्ताव भी लिए गए। मुखिया आइयदा महापारा खानम ने कहा कि किसी भी पंचायत का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब महिलाएं निर्णय प्रक्रिया में बराबरी की भागीदारी निभाएं और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिले। उन्होंने ग्रामीणों से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करने तथा ग्राम सभा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
ग्राम सभा में पंचायत सचिव, सभी पंचायत कर्मी तथा पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पंचायत विकास एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
कटिहार से धीरज चौधरी की रिपोर्ट


Post a comment