कटिहार के बरारी में खेल संबंधित आधारभूत संरचना का हो विकास, MLC प्रतिनिधि ने मंत्री लेशी सिंह से की मांग

कटिहार: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह को एमएलसी प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती ने पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान दोनों के बीच बरारी क्षेत्र के विकास एवं खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। राजीव कुमार भारती ने मंत्री के समक्ष बरारी प्रखंड के खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल आधारभूत संरचना विकसित करने की मांग रखते हुए गांधी स्मृति भवन परिसर में इंडोर स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को वर्षभर अभ्यास एवं प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने मंत्री को बताया कि प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों को अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस अवसर पर राजीव कुमार भारती ने जागेश्वर हाई स्कूल, जा एन सी हाई स्कूल सेमापुर, सुजापुर हाई स्कूल तथा नरहिया हाई स्कूल के खेल मैदानों को विकसित कर स्टेडियम निर्माण कराने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकेंगे। मंत्री लेसी सिंह ने खेल एवं पर्यावरण संरक्षण दोनों क्षेत्रों में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

  

Related Articles

Post a comment