विपक्ष पर भड़कीं मंत्री लेशी सिंह, बोलीं- विकास नहीं दिख रहा तो टीन का चश्मा लगा रखा है
- by Raushan Pratyek Media
- 22-Nov-2026
- Views
विपक्ष पर भड़कीं मंत्री लेशी सिंह, बोलीं- विकास नहीं दिख रहा तो टीन का चश्मा लगा रखा है
पटना: कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर बने छह लेन वाले नीतीश सेतु को लेकर बिहार की सियासत लगातार गर्म है। पुल के नामकरण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान राज्य को मिली सौगातों को लेकर विपक्ष एनडीए सरकार पर सवाल उठा रहा है। अब विपक्ष के आरोपों पर बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह ने जोरदार पलटवार किया है।
लेशी सिंह ने कहा कि बिहार में लगातार विकास के काम हो रहे हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही हैं। यह विकास सभी को दिखाई दे रहा है, लेकिन विपक्ष को अगर यह नजर नहीं आ रहा है तो लगता है कि उसने टीन का चश्मा लगा रखा है।
15 साल के शासन पर विपक्ष को घेरा
मंत्री लेशी सिंह ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आते हैं और बिना कुछ दिए ही वापस चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में विकास कार्य लगातार जारी हैं और प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, तो राज्य को बड़ी सौगात देकर जाते हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्हें बिहार में 15 साल तक सरकार चलाने का मौका मिला था, तब उन्होंने क्या किया, यह जनता अच्छी तरह जानती है। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मौका मिलने के बाद पिछले दो दशकों में एनडीए सरकार ने बिहार में कई विकास कार्य किए हैं। इन कामों के लिए अलग से प्रमाण देने की जरूरत नहीं है।
नीतीश कुमार को बताया बिहार को संवारने वाला नेता
लेशी सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें बिहार को संवारने वाले नेता के रूप में देखा जाता है। उनके नेतृत्व में राज्य में विकास के कई काम हुए हैं। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार लगातार प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही हैं, लेकिन विपक्ष का नजरिया ही ऐसा है कि उसे विकास दिखाई नहीं देता।
रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर टिप्पणी से बचीं मंत्री
रोहिणी आचार्य के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर लेशी सिंह ने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, उन्होंने विपक्षी नेताओं और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उन्हें अपनी पार्टी और परिवार को संभालना चाहिए। जब खुद का मामला नहीं संभल रहा है तो दूसरे के बारे में क्या कहेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरा गमछा लहराने से जुड़े बयान पर भी लेशी सिंह ने इसी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि इस बारे में क्या बोलें, विपक्ष को पहले अपनी पार्टी और परिवार की चिंता करनी चाहिए।
नीतीश सेतु को लेकर जारी है राजनीतिक बयानबाजी
गंगा नदी पर कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी जारी है। विपक्ष पुल के नामकरण और केंद्र सरकार के योगदान को लेकर सवाल उठा रहा है। वहीं, एनडीए के नेता बिहार में हुए विकास कार्यों का हवाला देकर विपक्ष के आरोपों को खारिज कर रहे हैं। मंत्री लेशी सिंह का ताजा बयान भी इसी राजनीतिक बहस के बीच सामने आया है।


Post a comment