यहां जनसुविधा है खटिया पर बीमार, आपात स्थिति में भी खेतों के पगडंडी से जाना पड़ता है ग्रामीणों को
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिला के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के बघौरा पंचायत अंतर्गत कालीबाड़ी गांव आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित है। गांव के लोगों को सड़क नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और मृतकों को खटिया पर लादकर करीब आधा किलोमीटर दूर मुख्य सड़क अथवा श्मशान घाट तक ले जाना पड़ता है। हाल ही में एक शव को खटिया पर उठाकर गांव से बाहर निकालने का दृश्य लोगों की पीड़ा को बयां कर गया, जहां ग्रामीणों को रेलवे ट्रैक पार कर मुख्य सड़क तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव रेलवे लाइन के निकट स्थित है। पहले रेलवे ट्रैक के किनारे बने चौड़े रास्ते से किसी तरह आवागमन हो जाता था, लेकिन रेलवे द्वारा पटरी के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दिए जाने के बाद गांव तक पहुंचने का रास्ता लगभग बंद हो गया है। अब लोग खेतों की पगडंडियों के सहारे आने-जाने को मजबूर हैं। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी बेहद कठिन हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार स्थानीय विधायक, सांसद, एमएलसी और प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। सड़क नहीं रहने से गांव के लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है और बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक दयनीय हो जाती है।
पंचायत के मुखिया ललन विश्वास ने बताया कि गांव तक सड़क निर्माण में सबसे बड़ी बाधा रेलवे की जमीन है। पंचायत स्तर पर इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सांसद या विधायक स्तर पर पहल कर रेलवे से समन्वय स्थापित किया जाए, तभी गांव को सड़क सुविधा मिल सकती है। फिलहाल कालीबाड़ी गांव के लोग आज भी बुनियादी सड़क सुविधा के इंतजार में खटिया और पगडंडी के सहारे जीवन बिताने को विवश हैं।


Post a comment