किशनगंज में जलनिकासी नहीं होने से जनजीवन अस्त व्यस्त, जलजमाव की वजह से परेशान हो रहे लोग

किशनगंज: जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत भातगांव पंचायत के गलगलिया वार्ड संख्या-5 स्थित दरभंगिया टोला में जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बस्ती को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बारिश का पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग आसपास के कई परिवार प्रतिदिन करते हैं। सड़क पर लंबे समय से जलभराव रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि स्कूल जाने के लिए अन्य रास्ते भी उपलब्ध हैं, लेकिन इस मार्ग का उपयोग करने वाले ग्रामीणों और आसपास रहने वाले परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी धीरे-धीरे घरों तक पहुंच जाता है, जिससे घरों में पानी घुसने की स्थिति बन जाती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके और लोगों का आवागमन सुचारु हो सके।

  

Related Articles

Post a comment