लालू - राबड़ी - तेजस्वी की बढ़ने वाली है मुश्किलें, इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोप तय करने का दिया आदेश
- by Manjesh Kumar
- 10-Sep-2026
- Views
पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव समेत पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू परिवार के विरुद्ध आईआरसीटीसी घोटाला मामले में आरोप तय करने का आदेश जारी कर दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद अब मामले की छानबीन के साथ ही ट्रायल शुरू किया जाएगा। अपने आदेश के साथ ही कोर्ट ने माना कि लालू यादव के रेल मंत्री रहते हुए आईआरसीटीसी घोटाला मामले में संलिप्तता थी। उनके ऊपर आरोप है कि आईआरसीटीसी के रांची और पुरी स्थित होटलों के संचालन से जुड़े टेंडर में गड़बड़ी की गई और इसके बदले जमीन से जुड़ा लाभ पहुंचाया गया। आरोप तय करने के आदेश के दौरान अदालत ने लालू प्रसाद यादव की भूमिका को लेकर टिप्पणी की।
कोर्ट ने कहा कि पहली नजर में देखने पर यह संदेह पैदा होता है कि रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने अपने पद का दुरुपयोग किया। अदालत ने यह भी कहा कि रेलवे अधिकारियों ने रांची और पुरी से जुड़े होटल टेंडर में लालू यादव के कहने पर कथित तौर पर हेरफेर किया। सुनवाई के दौरान लारा प्रोजेक्ट्स एलएलपी को मिले कथित लाभ का मुद्दा भी सामने आया। अदालत ने कहा कि कंपनी को जिस तरह का कथित फायदा मिला, उससे लालू यादव की भूमिका पर संदेह पैदा होता है। मामले की सुनवाई करते हुए स्पेशल जज विशाल गोगने ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, सरला गुप्ता, लारा प्रोजेक्ट्स एलएलपी, सुजाता होटल्स और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद लालू परिवार से जुड़े इस पुराने मामले की कानूनी कार्रवाई अब आगे बढ़ेगी।
मामले में अगली सुनवाई 3 अक्टूबर को होगी। सीबीआई का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रांची और पुरी स्थित आईआरसीटीसी के होटलों का संचालन सुजाता होटल्स को कथित तौर पर नियमों में हेर फेर कर दिया गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस कथित लाभ के बदले ऐसी जमीन के लेनदेन का आरोप है, जिसकी कीमत बाजार भाव से काफी कम थी और जिसका संबंध लालू परिवार से बताया गया। इस मामले में पहले सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की थी। बाद में इसी एफआईआर के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया। ईडी की जांच कथित अपराध से हासिल रकम और उससे जुड़े संपत्ति लेनदेन पर केंद्रित रही है। इस मामले में लालू यादव और उनके परिवार ने आरोपों से इनकार किया है और इसे राजनीतिक साजिश बताया है।


Post a comment