शराबबंदी वाले बिहार में दूसरे मादक पदार्थों की तस्करी जोरों पर, मुजफ्फरपुर में हेरोइन के साथ दो गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 23-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के पूर्ण शराबबंदी लागू है और बावजूद इसके अवैध रूप से शराब के साथ ही अन्य मादक पदार्थों की तस्करी जोरों पर है। इस कड़ी में मुजफ्फरपुर में पुलिस ने हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है साथ ही उनके पास से हेरोइन बरामद की है। बताया जा रहा है कि बरामद हेरोइन की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए होगी। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पूर्वी चंपारण निवासी संजीत कुमार और मुजफ्फरपुर के बरूराज थाना क्षेत्र के कौशलेंद्र कुमार के रूप में की गई।
जानकारी के अनुसार मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना की सूचना पर जिला की स्थानीय पुलिस ने इमलीचट्टी बस स्टैंड के भीड़भाड़ वाले इलाके में डिलीवरी देने आए दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 75 पैकेट में करीब 891.5 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया। पुलिस ने तस्करों के पास से शराब की तीन बोतल और चार मोबाइल भी जब्त किया है साथ ही पूरे गिरोह की छानबीन में जुट गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि नशे की यह खेप नॉर्थ ईस्ट के रास्ते लाई गई थी और मुजफ्फरपुर में सप्लाई की तैयारी थी। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी चल रही है।


Post a comment