बेगूसराय में नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला अधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया निरीक्षण

प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट

बेगूसराय नगर निकाय चुनाव के निर्वाचन पदाधिकारी सीएच सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने नगरपालिका आम निर्वाचन-2022 के मद्देनजर वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र के रूप में चिन्हित कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय एवं जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय में की जा रही आवश्यक तैयारियों का आज जायजा लिया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता  राजेश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त  सुशांत कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, बेगूसराय सदर  रामानुज प्रसाद सिंह, वरीय कोषागार पादधिकारी  सनोज कुमार सहित अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने दोनों परिसरों में वज्रगृहों एवं मतगणना कक्षों से संबंधित तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक उपलब्ध सुविधाओं का गहन अवलोकन किया तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार से प्राप्त निर्देशानुसार, सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल तथा बजगृह कोषांग के अन्य पदाधिकारियों को वज्रगृहों तथा मतगणना कक्षों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु तथा निर्वाचन कार्यों में सलंग्न कर्मियों एवं पदाधिकारियों तथा अन्य संबंधितों की आवाजाही हेतु आवश्यकतानुसार मजबूती के साथ बैरेकेडिंग आदि का कार्य ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग नगर निकायों में निर्वाचन कार्यों से संबंधित वाहनों के लिए समुचित रूप से वाहन पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ ही परिसर में पर्याप्त रोशनी की उपलब्धता के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ-साथ उन्होंने दोनों परिसरों में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल आदि की आवश्यक व्यवस्था करने के साथ ही अनयूज्ड एवं तकनीकी रूप से खराब ईवीएम के रख-रखाव हेतु समुचित व्यवस्था करने, माईकिंग कक्ष एवं नियंत्रण कक्ष का निर्माण करने, दोनों परिसरों में पर्याप्त संख्या में साइनेज स्थापित करने तथा परिसर में निर्धारित रूट प्लान के अनुरूप वाहनों का मूवमेंट, मतदान एवं मतगणना कर्मियों तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकासी हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । ध्यातव्य हो कि बेगूसराय जिले में नगरपालिका आम निर्वाचन-2022 दो चरणों में संपन्न होना निर्धारित है। प्रथम चरण में शामिल नगर निकार्यो यथा नगर परिषद्, तेघड़ा, नगर परिषद्, बरौनी, नगर परिषद्, बीहट तथा नगर परिषद्, बलिया हेतु मतदान दिनांक 18 दिसंबर, 2022 तथा मतगणना 20 दिसंबर, 2022 को निर्धारित है जबकि द्वितीय चरण में शामिल नगर निगम, बेगूसराय तथा नगर परिषद्, बखरी हेतु दिनांक 28 दिसंबर, 2022 तथा मतगणना 30 दिसंबर, 2022 को निर्धारित है। नगर परिषद्, तेघड़ा एवं नगर परिषद्, बरौनी से संबंधित पोल्ड ईवीएम के रख-रखाव हेतु तथा मतगणना केंद्र के रूप में जी. डी. कॉलेज, बेगूसराय जबकि नगर परिषद्, बीहट एवं नगर परिषद्, बलिया से संबधित पोल्ड ईवीएम के रख-रखाव हेतु तथा मतगणना केंद्र के रूप में कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय का चयन किया गया है। इसी प्रकार द्वितीय चरण अंतर्गत नगर निगम, बेगूसराय तथा नगर परिषद्, बखरी से संबंधित पोल्ड ईवीएम के रख-रखाव हेतु तथा मतगणना केंद्र के रूप में क्रमशः कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय तथा जी. डी. कॉलेज, बेगूसराय को चिन्हित किया गया है।

  

Related Articles

Post a comment