शेखपुरा में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग ने ढाया कहर, दो मवेशी जली तो दो की हालत गंभीर
- by Manjesh Kumar
- 23-Apr-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुरा में गुरुवार को एक घर में आग लगने से दो मवेशी की जल कर मौत हो गई जबकि दो अन्य मवेशी झुलस गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद एक तरफ स्थानीय लोगों ने काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी तो दूसरी तरफ अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू किया गया तब तक काफी देर हो चुकी थी क्योंकि आगलगी में घर में करीब पांच लाख रुपए की संपत्ति जल कर राख हो गई वहीं दो मवेशी की जल कर मौत हो गई।
घटना शेखपुरा के केवटी थाना क्षेत्र के दयाली बीघा गांव की है जहां गुरुवार को अचानक एक घर में आग लग गई। आग लगने की वजह से दरवाजे पर बंधे दो मवेशी की जल कर मौत हो गई जबकि दो अन्य मवेशी बुरी तरह से झुलस गए। बताया जा रहा है कि ग्रामीण सीताराम पंडित के घर में गुरुवार को बिजली की शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। घर और आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने भयावह रूप ले लिया था। बाद में आगलगी की सूचना पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच कर आग पर काबू पाई लेकिन तब तक सब कुछ जल कर राख हो चुका था। पीड़ित परिवार के अजय पंडित ने बताया कि घर में रखा अनाज, भूसा, जलावन के अलावा कीमती इमारती लकड़ियां भी इस घटना में जल कर नष्ट हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के लोग काफी मायूस नज़र आ रहे है। घटना में घायल दो कीमती मवेशियों की हालत नाजुक बताई गई है।


Post a comment