पकड़ी में जल निकासी के लिए बॉक्स कल्वर्ट बनेगा - कार्यपालक अभियंता ने डीएम को भेजा पत्र
- by Pratyek Media
- 21-Apr-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: कांटी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलती दिख रही है। मंगलवार को स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार इंजीनियरों की टीम के साथ पकड़ी पकोही के वार्ड-13 में पहुंचे और निरीक्षण कर विस्तृत सर्वे कराया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल मुजफ्फरपुर पूर्वी-1 के कार्यपालक अभियंता द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में भी पुल निर्माण की आवश्यकता को स्वीकार किया गया है। पत्र के अनुसार, मड़वन व कुढ़नी प्रखंड की सीमा पर पकड़ी पकोही वार्ड संख्या-13 में जल निकासी के लिए आरसीसी पुल (सिंगल सेल 3×3 बॉक्स कल्वर्ट) एवं पकड़ी पासवान टोला के समीप बड़ा पुलिया के निर्माण की जरूरत बताई गई है।
स्थल निरीक्षण के बाद यह पाया गया कि उक्त मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आवागमन प्रभावित होता है। वर्तमान में यह पथ पांच वर्षीय अनुरक्षण अवधि से बाहर हो चुका है और इसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि प्राक्कलन तैयार करते समय बॉक्स कल्वर्ट का प्रावधान शामिल किया जाएगा। सर्वे के दौरान मौके पर आरडी के कार्यपालक अभियंता धीरेंद्र कुमार, रामु प्रसाद, सहायक अभियंता अमित कुमार, मनीष कुमार, कनीय अभियंता अमृता कुमारी, चंद्रभूषण शर्मा, दिव्या कुमारी, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद शमीम, अजय चौधरी, सुधीर कुमार सिंह, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद मुजीब, विजय शाह, अली अहमद सहीत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और क्षेत्र की हर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जानकारी हो कि विधायक ने पूर्व में भी बीडीओ-सीओ, सहायक अभियंता सहित अधिकारियों के साथ उक्त स्थल का निरीक्षण किया था, जहां स्थानीय लोगों ने वर्षों से इस समस्या से परेशानी बताया था।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment