भागलपुर में सामने आया कोरोना का दूसरा मामला, कल ही पिता हुए भर्ती आज बेटी भी मिली पॉजिटिव
- by Manjesh Kumar
- 21-Jul-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में 48 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमण का दूसरा मामला सामने आया है। रविवार को एक बुजुर्ग के कोविड- 19 संक्रमित पाए जाने के बाद अब उनकी बेटी की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों मरीजों का इलाज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) में चल रहा है, जहां उन्हें आईसीयू के अलग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, लालूचक निवासी बुजुर्ग पिछले एक सप्ताह से तेज बुखार से पीड़ित थे। निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान कराई गई कोरोना जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बाद में सरकारी जांच में भी संक्रमण की पुष्टि हुई। सोमवार को उनके संपर्क में रहने वाली बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने के बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या दो हो गई है।
दो मामले सामने आने के बाद मायागंज अस्पताल और सदर अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। गंभीर सर्दी, खांसी और बुखार वाले मरीजों की विशेष निगरानी की जा रही है। सदर अस्पताल में भी कोविड मरीजों के लिए अलग वार्ड तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मायागंज अस्पताल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ राजकमल चौधरी ने बताया कि दोनों मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी को ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है। निर्धारित कोविड प्रोटोकॉल के तहत इलाज जारी है। जरूरत पड़ने पर मरीजों के संपर्क में आए लोगों की भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी।
वहीं, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ अशोक प्रसाद ने कहा कि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। कोरोना वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और समय-समय पर इसके मामले सामने आ सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति को सर्दी, बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ हो तो वह खुद को घर में आइसोलेट करे और गंभीर लक्षण होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच और उपचार कराए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिले में कोविड- 19 के केवल दो सक्रिय मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग दोनों मरीजों की लगातार निगरानी कर रहा है और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से सतर्क रहने, भीड़भाड़ में सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की गई है।


Post a comment