बक्सर -समाधान यात्रा के दौरान बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को किया निर्देशित ।।



रिपोर्ट - सुमंत सिंह, बक्सर।

दिनांक 18.01.2023


बक्सर- बिहार में इन दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समाधान यात्रा जारी है, जिसके दौरान आज वो बक्सर पहुंचे जहां उन्होंने  चक्की प्रखंड के हेनवा ग्राम स्थित वार्ड संख्या 11 में महादलित बस्ती का भ्रमण कर हर घर नल जल योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर लाइट योजना, हर घर तक बिजली सहित विभिन्न विकास योजनाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने जल जीवन हरियाली योजना के तहत जीर्णोद्धार  किए गए तालाब का निरीक्षण कर तालाबों के चारों तरफ वृक्षारोपण कर सीढ़ीनुमा घाट बनवाने हेतु जिला अधिकारी को निर्देशित किया साथ ही उन्होंने ग्राम में भ्रमण के दौरान बिहार महादलित विकास मिशन के तहत संचालित रविदास किशोरी समूह की बालिकाओं से बात की एवं ग्राम वासियों की समस्याएं सुनी। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छात्र योजना के लाभार्थियों के बीच मुख्यमंत्री ने बैटरी चलीत ट्राईसाईकिल का वितरण किया। 

   मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए  कहा कि हम लोग अलग-अलग जिले में जाकर जो काम कराया जा रहा है उसको देख रहे हैं। आगे क्या किया जाना चाहिए उसका भी हम लोग आकलन कर रहे हैं। यहां काफी बढ़िया ढंग से काम कराया गया है। जीविका दीदी भी बेहतर काम कर रही है। जल जीवन हरियाली अभियान के तहत कराए जा रहे कार्यो को भी हमने देखा है, इसको लेकर हमने अधिकारियों को सुझाव भी दिया है  यात्रा के दौरान हम लोग लोगों की राय को भी जानते हैं, यदि उनको कोई समस्याएं हैं तो उसको  शीघ्र ही सुनते  है। यही सब जानना हमारी यात्रा का उद्देश्य है। ताकि इलाकों  को और आगे बढ़ाया जा सके।  सरकार की योजना का कितना लाभ यहां तक पहुंचा है विकास का मतलब है पिछड़े इलाकों को आगे बढ़ाना। यात्रा के दौरान हम लोग लगातार लोगों से मिल रहे हैं। जिन लोगों को कोई समस्या है वह लोग उसकी जानकारी मुझे दे रहे हैं।  हमारे साथ साथ सारे अधिकारी भी चल रहे हैं समस्या की जानकारी मिलने पर हम अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं और उन समस्याओं का समाधान करने के लिए निर्देशित कर रहे हैं ।

सहकारिता मंत्री श्री सुरेंद्र प्रसाद यादव के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कौन क्या बोलता है इस पर मेरा कोई ध्यान नहीं है हम इसे नहीं देखे हैं हम अभी घूम रहे हैं लौटकर जाने के बाद हम एक एक चीज को देखते हैं।

   राजद के द्वारा श्री सुधाकर  को नोटिस दिए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह तो ठीक ही है सब बातें आप लोगों को मालूम ही है।

  इसके पश्चात बक्सर जिला अंतर्गत सिमरी प्रखंड के उच्च विद्यालय  के निकट किसानों द्वारा जैविक तकनीक के माध्यम से की गई केले की खेती का  मुआयना किया। डुमराव फार्मर प्रोड्यूसर उत्पादक संगठन, रविदास बाबा फार्मर प्रोड्यूसर उत्पादक संगठन, एग्रो प्रोड्यूसर उत्पादक संगठन एवं बिहार जैविक कार्य योजना अंतर्गत अनुदान पाने वाले किसानों द्वारा जैविक तरीके से उगाई गई मशरूम,मटर, टमाटर, अमरूद,पपीता,केला से संबंधित लगाए गए सभी स्टालो का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों से बातचीत की। किसानों ने जैविक तरीके से की गई खेती से होने वाले लाभ एवं अपना अनुभव मुख्यमंत्री से साझा किया। 

  ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जैविक उत्पादों के भंडारण का प्रबंध करें ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाव हेतु किसानों को सुरक्षा प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि जैविक तरीके से हो रही खेती से लोगों का स्वास्थ्य ठीक रहेगा और किसानों की आमदनी बढ़ेगी। खेती के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पहले ही कहा था आज हम खेती देखने के लिए आ गए हैं यहां पर काफी अच्छी जैविक खेती हुई है। जिनको लोग काफी पसंद कर रहे हैं । जैविक खेती से लोगों की आमदनी काफी होगी जंगली जानवरों से फसल को होने वाले नुकसान से बचने को लेकर सरकार किसानों की मदद करेगी।      हाजीपुर के बाद बक्सर में बड़े पैमाने पर केला लगाए जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा यह तो बहुत ही अच्छा लग रहा है। बक्सर खेती के लिए मशहूर जगह है, जहां धान के साथ सब चीजों की खेती होती है। गंगा नदी के किनारे वाले सभी इलाकों में जैविक खेती कराने को लेकर हम लोग शुरू से कहते रहे हैं अब इन इलाकों में हो रही जैविक खेती को देखकर अच्छा लग रहा है। जैविक खेती की सुरक्षा को लेकर सरकार किसानों की मदद करेगी। काफी पढ़े लिखे लोग भी अब खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह देख कर अच्छा लग रहा है हमारा शुरू से ही प्रयास रहा है कि लोगों की स्थिति को बेहतर किया जाए। बिहार में पहले की तुलना में खेती बढ़ी है। जैविक खेती से होने वाले उत्पाद को खाने से लोगों को बीमारी कम से कम होगी। लोग स्वस्थ रहेंगे। 2008 में ही हम लोगों ने बिहार में कृषि रोडमैप पर काम करना शुरू कर दिया था। अभी रोडमैप को लेकर तैयारी चल रही है। अभी एक बार और पूरे बिहार के किसानों के साथ संवाद कर चौथे कृषि रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा जो इसी साल के अप्रैल से लागू हो जाएगा। 

  लोगों के बीच नहीं जाने के विपक्ष के आरोप पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम शुरू से ही लोगों के बीच जाते रहे हैं। एमएलए, एमपी, केंद्र सरकार में मंत्री रहने के दौरान भी हम लगातार जनता के बीच जाते रहे हैं। अभी बिहार के लोगों का काम करने के दौरान भी हम लगातार लोगों के बीच जाते रहे हैं। लोगों के बीच जाने से ही आईडिया होता है की लोगों के लिए और क्या काम करना चाहिए। कहीं से कोई समस्या सामने आती है तो हम उसको लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा करते हैं और उनको सुझाव देते हैं। जो काम हो रहा है उसको देखना और आगे क्या बेहतर किया जा सकता है उसकी जानकारी लेना ही हमारी यात्रा का मकसद है। समाधान यात्रा के दौरान जहां भी जाते हैं सभी जगहों पर लोगों का काफी स्नेह मुझे मिल रहा है। यात्रा के दौरान किसानों के साथ भी काफी अच्छा संवाद हुआ है। किसानों की स्थिति और बेहतर हो इसको लेकर शुरू से हम लोगों का प्रयास रहा है। किसानों के पैदावार को समय पर बेचने को लेकर बाजार की व्यवस्था होनी चाहिए। हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने को लेकर हम लोग काम कर रहे हैं। किस इलाके में बेहतर खेती हो रही है इसको लेकर भी हम लोग काम कर रहे हैं। आने वाले समय में बिहार के किसानों को काफी फायदा होगा। बिहार में 75% लोग खेती पर निर्भर है। खेती में लगे सभी लोगों के लिए हम लोग काम करते हैं। लोगों की आमदनी बढ़ेगी तो वे लोग अपने बच्चों को अच्छे तरीके से पढ़ाएंगे।बच्चे-बच्चियां पढ़ेंगी  तो आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के अधिकतम लोग शराब बंदी के पक्ष में है। कुछ लोग तो किसी चीज के खिलाफ में होते ही हैं ऐसे लोगों को भी समझाने का प्रयास करते रहना चाहिए।

   बिहार को विशेष राज्य का दर्जा के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता है तो इसका काफी विकास हो जाता। अभी कोई काम बिहार सरकार को खुद करनी पड़ती है अगर विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता तो बिहार इतना विकसित हो जाता की जिसकी कल्पना नहीं कर सकते हैं। विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलने के बावजूद हम लोग बिहार का विकास कर रहे हैं। पहले कई पिछड़े राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया वैसे तो अभी भी देनी चाहिए। सभी पिछड़े राज्य विकसित हो जाएंगे तो देश भी विकसित हो जाएगा। विकसित राज्य से आने वाले लोग दूसरे राज्य की बात को समझ ही नहीं रहे हैं। वह जहां से आए हैं वह राज्य शुरू से ही विकसित है। 

  बलबतरा गांव के समीप बने हेलीपैड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया।

   भ्रमण के दौरान ग्राम वासियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत भी किया। भ्रमण के दौरान वित्त वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री  विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री, संजय कुमार झा, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान,पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अफाक आलम, विधायक  शंभू यादव, विधान पार्षद  राधा चरण साह, पूर्व मंत्री श्री संतोष निराला, यूवा जदयू बिहार प्रदेश महासचिव आजाद सिंह राठौर, पूर्व मंत्री  अजीत चौधरी, बिहार राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती अंजुम आरा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सिद्धार्थ, अनुसूचित जाति, अनुसूचित/जनजाति कल्याण विभाग के सचिव देवेश सेहरा, जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मिशन निदेशक जल जीवन हरियाली अभियान  राहुल कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक विधि व्यवस्था संजय सिंह, आयुक्त पटना प्रमंडल  रवि कुमार रवि, जिलाधिकारी बक्सर अमन समीर, पुलिस अधीक्षक बक्सर मनीष कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment