छठ घाट पर व्रतियों पर पिस्टल तानने वाला आरोपी गिरफ्तार, तीन देसी कट्टे और कारतूस बरामद

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से छठ पर्व के दौरान दहशत फैलाने वाली घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संध्या अर्घ्य के दौरान छठ घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं पर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक के पास से तीन देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के शिबैगसींपुर निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है।

दरअसल, रविवार को छठ पर्व के तीसरे दिन समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलसंडी तारा छठ घाट पर श्रद्धालु संध्या अर्घ्य की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नाव पर सवार होकर पहुंचे एक युवक ने घाट पर उतरने की जिद शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उसे ऐसा करने से मना किया, तो युवक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर श्रद्धालुओं की तरफ तान दी। इसके बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए नाव सवार युवक पर पत्थर भी फेंके। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और अब एक आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।

  

Related Articles

Post a comment