मुजफ्फरपुर में नशा के कारोबार पर चला बुलडोजर, जब्त किए गए 1.20 करोड़ की शराब नष्ट
- by Manjesh Kumar
- 25-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले में उत्पाद विभाग द्वारा कई कांडो में जब्त की गई हजारों लीटर विदेशी शराब का मंगलवार को विनष्टीकरण किया गया। उक्त कार्रवाई उत्पाद थाना परिसर में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव, एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार और उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार की निगरानी में बुलडोजर चलाकर की गई। जानकारी के अनुसार, जिले में शराब तस्करों और कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद विभाग की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विभिन्न मामलों में पकड़ी गई इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है, जिसे नष्ट करने के लिए परिसर में बुलडोजर चलाया गया।
विनष्टीकरण की इस पूरी प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त शराब की बोतलों और कार्टन को नष्ट करने की कार्रवाई विधिवत रूप से पूरी की गई। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि उत्पाद विभाग द्वारा दर्ज 19 कांडों में जब्त करीब 12 हजार लीटर विदेशी शराब को उत्पाद थाना परिसर में नष्ट किया गया है। साथ ही बताया गया की अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment