नशे के तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 89.90 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार

बीएम कॉलेज के पीछे बांसवाड़ी में हुई छापेमारी, गेराबाड़ी से स्मैक लाकर बेचने की थी तैयारी

कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने बड़ी भैंसदियारा स्थित बीएम कॉलेज के पीछे बांसवाड़ी में छापेमारी कर 89.90 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस को 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि बीएम कॉलेज के पीछे बांसवाड़ी में दो युवक स्मैक की खरीद-बिक्री करने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें पंचायती राज पदाधिकारी राज कुमार सिंह को दंडाधिकारी के रूप में शामिल किया गया।

छापेमारी दल करीब 15:10 बजे बताए गए स्थान पर पहुंचा। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान तनिष्क कुमार (21 वर्ष), पिता बबलू दास, के जैकेट की जेब से 89.90 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वहीं, दूसरे युवक रूपेश कुमार (19 वर्ष), पिता चंद्रशेखर दास, के पास से भी एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों झिटकिया गांव, थाना कोढ़ा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में तनिष्क ने बताया कि दोनों गेराबाड़ी से स्मैक बेचने के लिए लेकर आए थे। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

  

Related Articles

Post a comment