25 हजार दीपों से जगमगाया गोरखनाथ मंदिर, विधायक निशा सिंह ने मनाया देव दीपावली
- by Manjesh Kumar
- 24-Nov-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले की ऐतिहासिक धरोहर एवं मिनी बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध आजमनगर प्रखंड स्थित बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भव्य देव दीपावली मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 25 हजार दीप प्रज्वलित कर पूरे धाम को रोशनी से जगमगा दिया गया। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में भाजपा विधायक निशा सिंह भी शामिल हुईं। उन्होंने दीप जलाकर देव दीपावली उत्सव में अपनी सहभागिता निभाई तथा आयोजित महाआरती में भाग लिया।
मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शाम पांच बजे से ही दीप प्रज्वलन का सिलसिला शुरू हो गया। हजारों दीपों की रोशनी से बाबा गोरखनाथ धाम का नजारा अद्भुत एवं मनमोहक हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
मंदिर न्यास समिति के सचिव पिंटू यादव ने बताया कि देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वर्ग से धरती पर आकर दीपावली मनाते हैं। दीपावली के 15 दिन बाद मनाए जाने वाले इस पावन पर्व का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने बताया कि बाबा गोरखनाथ धाम में प्रत्येक वर्ष धार्मिक उत्साह के साथ देव दीपावली का आयोजन किया जाता है। विधायक निशा सिंह ने भी इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने पर जोर दिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।


Post a comment