एसपी परिचय कुमार ने किया आजमनगर थाने का वार्षिक निरीक्षण, लॉ एंड ऑर्डर को लेकर दिए कई निर्देश

पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना पहली प्राथमिकता, शराब एवं स्मैक तस्करी पर विशेष नजर रखने का दिया निर्देश

कटिहार: कटिहार के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने मंगलवार की देर शाम आजमनगर थाना पहुंचकर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों द्वारा एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। कटिहार जिले में योगदान देने के बाद एसपी का आजमनगर थाने में यह पहला निरीक्षण था। निरीक्षण के दौरान एसपी परिचय कुमार ने थाना परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थित तरीके से बनाए गए पार्क का जायजा लिया। थाना परिसर की स्वच्छता और सुंदरता देखकर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की। इसके बाद एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र में दर्ज विभिन्न आपराधिक कांडों की समीक्षा की।

इस दौरान गुंडा पंजी, रोकड़ पंजी, मालखाना पंजी, रनिंग पंजी, ऑर्डर पंजी, गिरोह पंजी, फरारी पंजी एवं स्टेशन डायरी सहित विभिन्न अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की अविलंब गिरफ्तारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी पुलिस पदाधिकारी की काम में त्रुटि पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।

एसपी परिचय कुमार ने कहा कि पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना हमारी पहली प्राथमिकता है। दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व को आजमनगर पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आजमनगर थाना पश्चिम बंगाल की सीमा से सटा होने के कारण शराब एवं स्मैक तस्करी पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है।

उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने, शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि पुलिस हमेशा आम लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए है। पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि पुलिस और पब्लिक के बीच किसी प्रकार की दूरी न रहे।

इस मौके पर एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष नीरज कुमार, अपर थानाध्यक्ष जितेल्श कुमार, एसआई रूपम कुमारी, रामनारायण सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment