कटिहार में भाईचारे के माहौल में लोगों ने मनाया बकरीद, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रही मुस्तैद
- by Manjesh Kumar
- 28-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के कुर्सेला प्रखंड में ईद उल अजहा यानि बकरीद का पर्व पूरे उत्साह, आस्था और भाईचारे के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी तथा कुर्बानी की रस्म अदा की गई। पूर्वी मुरादपुर पंचायत स्थित मजदिया गांव के ईदगाह में सैकड़ों नमाजियों ने सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा की। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के मेहर मियां टोला, बल्थी महेशपुर मस्जिद, देवीपुर सहित अन्य मस्जिदों एवं ईदगाहों में भी बड़ी संख्या में लोग नमाज में शामिल हुए। सुबह से ही विभिन्न नमाज स्थलों पर लोगों की भीड़ देखी गई।
बल्थी निवासी डाॅ अबू बकर हाशमी ने कहा कि ईद-उल-अज़हा केवल जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं है, बल्कि यह त्याग, सब्र और अल्लाह की रज़ा के लिए अपनी इच्छाओं को कुर्बान करने का पैगाम देता है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को चाहिए कि इस मुबारक मौके पर सच्चे दिल से तौबा करें और अपने गुनाहों की भी कुर्बानी दें। साथ ही समाज में मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे को बढ़ावा दें। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
वहीं बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुर्सेला थाना पुलिस के साथ कटिहार जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। सभी प्रमुख चौक-चौराहों, मस्जिदों एवं ईदगाहों पर पुलिस बल की निगरानी रही। इस दौरान कुर्सेला अंचल अधिकारी अनुपम कुमारी दंडाधिकारी के रूप में लगातार विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लेती रहीं। वहीं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्ती की जा रही थी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई।
कुर्सेला में बकरीद के अवसर पर हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सौहार्द की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। प्रशासन एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


Post a comment