पहले मुंह पर चिपकाया टेप फिर अपराधियों ने रिटायर्ड बैंक कर्मी दंपत्ति की कर दी हत्या, इलाके में सनसनी
- by Manjesh Kumar
- 21-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: एक तरफ सरकार और पुलिस क्राइम कंट्रोल के दावे करती है तो दूसरी तरफ बेखौफ अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। एक बार फिर बेखौफ अपराधियों ने मुजफ्फरपुर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सोमवार की शाम अपराधियों ने मुजफ्फरपुर में घर में घुस कर रिटायर्ड बैंक कर्मी और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी की है। मृतक की पहचान रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुमार और उनकी पत्नी के रूप में की गई। मृतक अशोक कुंवर मूलरूप से बेनीबाद थाना क्षेत्र के केवटसा के रहने वाले थे।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि अपराधियों ने बेहद क्रूरता और सोची-समझी साजिश के तहत इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बैंक कर्मी अशोक कुमार की पत्नी के मुंह पर टेप लगा दिया था, इसके बाद दोनों की अत्यंत बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक डबल मर्डर की खबर जैसे ही आसपास के लोगों को लगी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाने की पुलिस टीम के साथ-साथ जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी भी दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घर को अपने घेरे में ले लिया है और जांच में जुट गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति-पत्नी दोनों के शरीर पर गहरे जख्म के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है, पुलिस सभी बिंदुओ पर जांच कर रही है की हत्या के पीछे कारण क्या है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत के सही कारणों और हत्या के सटीक तरीके का पता लगाने के लिए FSL की विशेष टीम को मौके पर बुलाया गया है एफएसएल की टीम घटनास्थल का मुआयना कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मृत दंपती के रिश्तेदारों से पूछताछ करने में जुटी है, ताकि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे छिपे कारणों और अपराधियों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment