सौहार्द्रपूर्ण तरीके से मनाएं बकरीद, डीएम ने कहा 'अफवाह पर न दें ध्यान'

पूर्णिया: उप विकास आयुक्त सह जिला पदाधिकारी अंजनि कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत की संयुक्त अध्यक्षता में ईद-उल-जोहा बकरीद पर्व को लेकर शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण, भाईचारे और हर्षोल्लास वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला शांति समिति का बैठक किया गया। बैठक में बताया गया कि ईद-उल-जोहा बकरीद पर्व 28 और 29 मई तक मनाया जाएगा। सामान्य स्थिति होने तक प्रतिनियुक्ति पदाधिकारी अपने-अपने स्थल पर कायम रहेंगे। प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारिया पूरी कर ली गई है।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में बनाए रखने के लिए जिला शांति समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से लिया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान करने का निर्देशित किया गया है। उन्होंने नगर निकायों को निर्देशित किया कि साफ सफाई तथा मार्ग में गड्ढों की भराई ससमय और वार्ड पार्षद से भी समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण बकरीद का पर्व संपन्न करने का निर्देश दिया गया है। कार्यपालक अभियंता विद्युत को निर्देशित किया गया कि बिजली के तारों को सुरक्षित ढंग से ठीक समय पर करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि विभिन्न पर्व-त्योहारों के अवसर पर शांति समिति के सदस्यों ने सदैव भाईचारा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाये हैं। अपील किया गया कि बकरीद पर्व ऐसे वातावरण में मनाया जाए जिससे किसी भी समुदाय की भावना आहत न हो। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी प्रकार की अफवाह शरारत सांप्रदायिक तनाव, विधि व्यवस्था मे (खलल) विध्न डालने वाले असामाजिक तथा उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने कहा कि जिला के संवेदनशील स्थलों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है।

काफी संख्या में पुलिस बलों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों पर प्रतिनियुक्त किया गया है।बैठक में प्राप्त सभी सुझावों एवं बिंदुओं पर गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा क्यूआरटी टीम, वीडियोग्राफी/सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से लगातार 24 घंटे निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च भी किया जाएगा तथा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साइबर सेल 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी प्रकार की भ्रामक या विवादित सूचना प्राप्त होने पर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के बजाय तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने की अपील की गई,ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी संबंधित विभाग सतर्क, सजग एवं प्रतिबद्ध रहें। अफवाहों का त्वरित खंडन करने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों द्वारा बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इनमें सभी मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास पर्याप्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति,नगर निगम के माध्यम से नियमित वेस्टेज उठाव, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी, मोटरसाइकिल पर ट्रिपल लोडिंग करने वालों पर कार्रवाई, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करना, असामाजिक तत्वों एवं नशेड़ियों पर नियंत्रण, नमाज स्थलों एवं नालों की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरा लगाने, सड़क पर जलजमाव एवं लिकेज पानी हटाने आदि सुझाव शामिल है। बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा यह भी बताया गया कि बकरीद पर्व तीन दिनों तक मनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं तथा वेस्टेज को सुरक्षित तरीके से गड्ढों में डालने के लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में बकरीद पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होगा।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि सभी क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर, केमिकल,चुना एवं नमक आदि उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बैठक में अपर समाहर्ता, फिर रवि राकेश, विधि व्यवस्था राजकुमार गुप्ता, विभागीय जांच विनय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दिलीप सरकार एवं सम्मानित सदस्य मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment