कटिहार के बरारी में अवैध अस्पताल पर चला प्रशासन का डंडा, एक अस्पताल में जब पहुंची टीम तो रह गई हतप्रभ
- by Manjesh Kumar
- 05-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महज 300 मीटर की दूरी पर संचालित आशा नर्सिंग होम पर बुधवार को जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया तथा भर्ती मरीज को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया गया। छापेमारी में चिकित्सा प्रभारी डॉ मुशर्रफ हुसैन, डॉ यू के सिन्हा, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, बरारी थाना के एसआई अमित कुमार तथा पीएसआई अमन कुमार सहित प्रशासनिक टीम शामिल रही। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अस्पताल में मौजूद अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान एक कमरे में टिंकल कुमारी अपने परिजनों के साथ मिलीं। परिजनों ने बताया कि 1 अगस्त को उनका ऑपरेशन कर प्रसव कराया गया था, जिसमें उन्होंने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया।
जांच के दौरान अस्पताल के कई कमरे अंदर से बंद मिले। काफी मशक्कत के बाद जब दरवाजे खोले गए तो दो युवक बाथरूम में छिपे हुए पाए गए। पूछताछ करने पर दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं अस्पताल का संचालक मो सरफराज मौके से फरार मिला। अस्पताल में किस चिकित्सक द्वारा ऑपरेशन किया जाता था, इसकी भी स्पष्ट जानकारी प्रशासन को नहीं मिल सकी। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी उक्त अस्पताल को सील किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यह दोबारा संचालित किया जा रहा था। ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि सील होने के बाद अस्पताल किस परिस्थिति में पुनः संचालित होने लगा।
कार्रवाई के बाद चिकित्सा प्रभारी डॉ मुशर्रफ हुसैन ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित सभी नर्सिंग होम, पैथोलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी संस्थान अवैध रूप से संचालित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने आशा नर्सिंग होम को सील कर दिया तथा वहां भर्ती मरीज को एंबुलेंस के माध्यम से कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।


Post a comment