औरंगाबाद में एक साथ 54 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों का वेतन काटने का आदेश, DEO ने दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 15-Jun-2026
- Views
औरंगाबाद: सम्राट चौधरी की सरकार में सभी विभागों में लगातार बेहतरी के लिए काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में औरंगाबाद में एक साथ 54 विद्यालयों की प्रधान शिक्षकों की विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है। विभाग ने सभी प्रधान शिक्षकों का तीन दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। वहीं 261 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों और हेडमास्टरों से दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जानकारी के अनुसार सभी 54 विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों ने कक्षा 1 में छात्रों के नामांकन और उसकी ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि में लापरवाही बरतने वाले स्कूलों पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।
मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार 9 जून को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर कक्षा-एक के विद्यार्थियों की प्रविष्टि की समीक्षा की थी। इस दौरान औरंगाबाद जिले की प्रगति बेहद असंतोषजनक पाई गई। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कई विद्यालयों में नामांकित बच्चों का डेटा पोर्टल पर अपडेट नहीं किया गया। विभागीय जांच में 54 विद्यालय ऐसे मिले जहां कक्षा-एक के नामांकन की ऑनलाइन प्रविष्टि शून्य थी। इसे विभागीय आदेश की अवहेलना और घोर लापरवाही मानते हुए संबंधित प्रधान शिक्षकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों के तीन दिनों के वेतन की कटौती की गई है। साथ ही तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है।


Post a comment