बिहार में 3 IAS अधिकारियों को किया गया इधर से उधर, कई को दी गई अतिरिक्त जिम्मेदारी
- by Manjesh Kumar
- 22-May-2026
- Views
पटना: सम्राट चौधरी की सरकार ने एक बार फिर राज्य में 3 IAS का तबादला किया है जबकि एक IAS को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव कर दिया है वहीं 7 अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी है। सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त दीपक कुमार को अब राज्यपाल के प्रधान सचिव पद पर पदस्थापित किया गया है वहीं वह सामान्य प्रशासन विभाग के महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे। इसके साथ ही गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह बिहार राज्य संयुक्त परीक्षा परिषद के मुख्य परीक्षा नियंत्रक और बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव बी राजेंद्र निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। बिहार मानवधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेवारी दी गई है।
बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना के प्रबंध निदेशक इनायत खान को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा को उद्योग विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा को नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र के विकास आयुक्त के पद पर पदस्थापित किए जाने के बाद राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से रिलीव कर दिया है।


Post a comment